उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन का आयोजन 9 और 10 जनवरी को होटल डबल ट्री बाय हिल्टन में किया जाएगा। इसकी थीम वैश्विक भविष्य के लिए भारत के साथ उत्तर प्रदेश के निर्यात को सशक्त बनाना है। इसमें एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड-2026 भी प्रदान किए जाएंगे। अवॉर्ड की औपचारिक घोषणा उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष एवं निर्यात सम्मेलन समिति के संरक्षक राकेश गर्ग ने की थी। उन्होंने बताया कि विश्व में तेजी से बदलते व्यापारिक परिदृश्य को देखते हुए यह आवश्यक है कि उद्यमियों को नए देश, नए बाजार और नई संभावनाओं की जानकारी मिले। जब गुजरात से प्रतिवर्ष लगभग 9 लाख हजार करोड़ रुपये का निर्यात संभव है तो उत्तर प्रदेश पीछे क्यों रहे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन इसी सोच के साथ उद्यमियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने का कार्य करेगा। कार्यक्रम के संयोजक मनीष अग्रवाल रावी के मुताबिक, दो दिवसीय सम्मेलन में भारत एवं उत्तर प्रदेश का निर्यात विजन-2030, वैश्विक व्यापार रुझान एवं नए अंतरराष्ट्रीय बाजार, एमएसएमई व ओडीओपी निर्यात सशक्तीकरण आदि पर चर्चा होगी।