पिता-पुत्र ने कंपनी बनाकर आईपीओ में निवेश का झांसा देकर पांच लोगों से 2.44 करोड़ रुपये ठग लिए। थाना न्यू आगरा में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी घर से भाग गए। पुलिस ने छह महीने पहले पिता अतुल यादव को पकड़ा था। अब बेटे अनमोल यादव को गिरफ्तार कर लिया। वह बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। बमराैली कटारा निवासी सुमित राणा ने पुलिस को बताया था कि दयालबाग स्थित राहुल ग्रीन सोसाइटी निवासी अतुल यादव मुफीद-ए-आम इंटर काॅलेज में शिक्षक है। उसने अपने बेटे अनमोल यादव के साथ नेक्सस कैपिटल के नाम से कंपनी खोली थी। कंपनी के माध्यम से आईपीओ में निवेश करने पर हर साल 20 से 25 फीसदी मुनाफे का दावा किया था। उन्हें कई बार दिल्ली एनसीआर के होटलों में भी ले गया। कई लोगों से रकम ले ली। कई बार 1 से 2 प्रतिशत रकम दे भी दी। बाद में रकम देना बंद कर दिया। मामले में थाना न्यू आगरा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना साइबर क्राइम थाना में स्थानांतरित की गई। साइबर क्राइम थाने की प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 2.44 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में 8 जुलाई 2025 को आरोपी अतुल यादव को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई। उसके बेटे अनमोल की तलाश की जा रही थी। बुधवार रात उसे सिकंदरा स्थित नील फ्लोरेंस सोसाइटी स्थित घर से पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि अनमोल बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। मुंबई के एक इंस्टीट्यूट से पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि वह पिता के साथ मिलकर लोगों को आईपीओ में निवेश का झांसा देता था। निवेश के बाद वह रकम वापस नहीं करता था। पांच पीड़ितों की शिकायत पर विवेचना की जा रही थी। साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।