आगरा में तीर्थ बटेश्वर के खांद मार्ग के मई गांव मे धार्मिक सौहार्द और भक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला, जब बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ भव्य कलश यात्रा निकालकर श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र राधे-राधे और हरे कृष्णा के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। कथा का आयोजन बाबा भारती की ओर सेे किया जा रहा है। कलश यात्रा में 65 महिलाएं और युवतियां पीले और लाल रंग के पारंपरिक परिधानों में सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं। कथा स्थल पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कथाव्यास आचार्य पुष्पेंद्र महाराज ने व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भागवत कथा के श्रवण मात्र से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। मुख्य यजमान किशुनलाल व मुन्नी देवी ने आरती उतारी।