आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज और पर्थ ऑस्ट्रेलिया के अस्पताल की ओर से एसएन के लेक्चर थिएटर-4 में हृदय रोग पर कार्यशाला में बुजुर्गाें में हृदयाघात और स्ट्रोक समेत अन्य बीमारियों पर व्याख्यान हुए। चिकित्सकों ने सर्दी में इन बीमारियों का तीन गुना खतरा बताते हुए बचाव और इलाज के बारे बताया। ऑस्ट्रेलिया के डॉ. भाष्कर मंडल ने कहा कि सर्दी में स्ट्रोक, हृदयाघात और हडिड्याें में फ्रैक्चर का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में इन मरीजों को बचाव और देखभाल की जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कंप्रहेंसिव और इंटीग्रेटेड केयर के बारे में भी बताया। पर्थ की डाॅ. साधना बोस ने एसएन के पीजी छात्रों को आस्ट्रेलिया में फेलोशिप के लिए आमंत्रित किया है । प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने स्वागत किया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. मृदुल चतुर्वेदी, डॉ. टीपी सिंह, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. बसंत गुप्ता, डॉ. अखिल प्रताप, डॉ. अजित चाहर आदि मौजूद रहे।