आगरा। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत चयनित बच्चों के दाखिले को लेकर निजी स्कूलों की मनमानी जारी है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. राकेश सिंह की ओर से कार्रवाई करते हुए अब तक 10 से अधिक निजी स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कई स्कूलों में चयनित बच्चों का प्रवेश नहीं हो सका है। इससे अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। अभिभावक राहुल बताते है कि बच्चों का नाम लॉटरी में आने के बाद भी स्कूल कभी सीट न होने, कभी दस्तावेजों की कमी तो कभी अन्य कारण बताकर दाखिला टाल रहे हैं। कई अभिभावक रोजाना स्कूलों और बेसिक शिक्षा विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं। जुलाई का आधा महीना बीतने के बावजूद बच्चों की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है। बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने आरटीई के तहत चयनित बच्चों का तत्काल प्रवेश सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ आरटीई अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।