आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षा में कई कॉलेज रडार पर हैं। इनमें नकल समेत अन्य अव्यवस्थाएं पाई गई थी। सचल दल की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन रिपोर्ट तैयार करा रहा है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक के बीए, बीएससी, बीकॉम में सम द्वितीय, चतुर्थ और छठे सेमेस्टर और परास्नातक के एमए, एमकॉम और एमएससी के सम द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसमें नकल रोकने के लिए सचल दल जांच कर रहा है। सचल दल को कुछ केंद्रों पर सीसीटीवी में संदिग्ध गतिविधि मिली है। कुछ केंद्रों के विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से इनके सीसीटीवी कैमरे लिंक नहीं मिले हैं। ऐसे में इन कॉलेजों की रिपोर्ट बनाई जा रही है। इनमें गड़बड़ी और अव्यवस्था के आधार पर कार्रवाई तय की जाएगी। साथ ही अगले साल की परीक्षाओं में भी इनको काली सूची में रखा जाएगा।