डिब्बा बंद भोजन, फास्ट फूड के सेवन के साथ शराब और धूम्रपान की लत कम उम्र में ही बड़ी बीमारियों का कारण बन रही है। ऐसी जीवनशैली से मोटापा और मधुमेह के बाद लिवर भी बीमार पड़ रहा है। 25-30 की उम्र में फैटी लिवर, लिवर फाइब्रोसिस और लिवर सिरोसिस जैसी बीमारियां होना गंभीर है। ऐसे मरीजों में लिवर खराब होने और कैंसर का खतरा भी रहता है। देश के 48 मधुमेह रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन और एंडोक्राइनोलाॅजिस्ट ने देशभर में 18 से 70 साल के 9,202 मरीजों पर अध्ययन किया। इसमें आगरा के 565 मरीज शामिल हुए। सात महीने के अध्ययन में 26.1 फीसदी मरीजों में लिवर फाइब्रोसिस की समस्या मिली, इनमें से 14 फीसदी की स्थिति गंभीर थी। पांच फीसदी में तो लिवर सिरोसिस की परेशानी पाई गई। इन मरीजों में सात फीसदी हृदय रोग, 46 फीसदी उच्च रक्तचाप और 47 फीसदी कोलेस्ट्रॉल से पीड़ित हो गए।शोध में मिले 16 फीसदी लिवर मरीजों की उम्र 25 से 30 साल के बीच है। इनमें थकान, कमजोरी, भूख न लगना, सूजन, पीलिया समेत अन्य लक्षण भी पाए गए।शोध में 5,613 पुरुष और 3,589 महिला मरीज शामिल रहीं।