आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में किडनी ट्रांसप्लांट अप्रैल के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएगा। इसके लिए ऑपरेशन थिएटर तैयार हो चुका है। स्टेट आर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (सोटा) के संयुक्त निदेशक ने ट्रांसप्लांट यूनिट का निरीक्षण किया। संजय गांधी पीजीआई लखनऊ की टीम भी जल्द एसएन आएगी। टीम की निगरानी में ही पहले 25 ऑपरेशन होंगे। एसजीपीजीआई के हाॅस्पिटल एडिमिनिस्ट्रेशन और सोटा के संयुक्त निदेशक डॉ. हर्षवर्धन बृहस्पतिवार को एसएन पहुंचे। यहां उन्होंने कॉर्निया ट्रांसप्लांट ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया। साथ ही किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट का भ्रमण कर विभागाध्यक्ष से बात की। इसमें ओटी तैयार हो चुकी है और चिकित्सक समेत तकनीकी स्टाफ को भी प्रशिक्षण मिल चुका है। अगले महीने पीजीआई की किडनी ट्रांसप्लांट करने वाली टीम आएगी। उनकी निगरानी में शुरू के ऑपरेशन होंगे। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट के लिए ऑपरेशन थिएटर और वार्ड तैयार हो गए हैं। पीजीआई की टीम किडनी ट्रांसप्लांट की जल्द तिथि तय करेगी। आयुष्मान कार्डधारकों, मुख्यमंत्री राहत कोष योजना के लाभार्थियों और राशन कार्डधारकों का निशुल्क ट्रांसप्लांट होगा। किडनी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि अभी तक 12 मरीजों का पंजीकरण हो गया है। इनकी जांचें भी कराई जा रही हैं। इसके लिए निजी कंपनी से समझौता हुआ है। निजी अस्पतालों में इसका खर्च 3.50 लाख रुपये से अधिक है।