उत्तर प्रदेश के आगरा में एकतरफा प्यार में नाकाम होने पर एक युवक ने वायु विहार मार्ग (जगदीशपुरा) पर खोखे के नीचे संगमरमर के बॉक्स में बम रख दिया। वह धमाका कर खोखा संचालक को सबक सिखाना चाहता था। मगर, नाकाम हो गया। बम फटा नहीं। संचालक की बेटी और बेटे को पता चल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मार्ग पर आवागमन के साथ पेट्रोल पंप और आसपास की दुकानों को बंद करा दिया। बम निरोधक दस्ते ने दो घंटे तक जांच की। इसके बाद बिचपुरी के जंगल में ले जाकर गड्ढा कराकर बम में धमाका कर निष्क्रिय कर दिया। आरोपी को देर शाम सीसीटीवी कैमरों की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया।