आगरा। मानसून की दस्तक के बाद भी मूसलाधार बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को जल्द ही उमस भरी गर्मी से निजात मिलने वाली है। मौसम विज्ञान विभाग ने आगरा और आसपास के क्षेत्रों के लिए सोमवार से पांच दिन तक आंधी और तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। रविवार को दिनभर आसमान में काले बादलों का डेरा जमा रहा, जिसे देखकर लोगों को बारिश की उम्मीद बंधी, लेकिन दिनभर लोग बारिश की एक बूंद के लिए तरसते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, हवा में आर्द्रता (नमी) का स्तर 80 फीसदी के करीब पहुंच जाने के कारण लोग दिनभर भीषण उमस से बेहाल रहे और पसीने से तर-बतर होते दिखे। मौसम विभाग का कहना है कि पांच दिन तक तेज हवाओं के साथ होने वाली बारिश उमस भरी गर्मी से राहत दिलाएगी।