आगरा में हाईवे की सर्विस रोड पर स्थित सर्व एसआरके मॉल में सोमवार शाम को नाबालिग छात्रों ने सुतली बम से धमाका करके दहशत फैला दी। धमाके से अफरा-तफरी मच गई। मॉल में शॉपिंग करने आए लोग गेट से निकलकर भागने लगे। घटना के बाद तीन छात्र व एक छात्रा कार में बैठकर भागने लगे मगर सुरक्षाकर्मियों ने पीछा करके पकड़ लिया। उनकी कार से सुतली बम और स्काई शॉट के डिब्बे बरामद किए गए। पुलिस चारों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। सूचना पर उनके परिजन भी पहुंच गए। मॉल मालिक ने न्यू आगरा थाने में तहरीर दी है। घटना शाम तकरीबन 7:25 बजे की है। पांच मंजिला सर्व एसआरके मॉल के बेसमेंट में पार्किंग है। लोअर ग्राउंड में प्ले जोन और स्पोर्ट्स वियर का शोरूम है। ग्राउंड फ्लोर पर तीन रेस्तरां हैं। पहली मंजिल बंद है, जबकि दूसरी मंजिल पर मल्टीप्लेक्स चलता है। मॉल कर्मियों ने बताया कि होंडा अमेज कार से सिकंदरा क्षेत्र के रहने वाले दसवीं के दो छात्र, एक 12वीं का छात्र और उसकी शाहगंज क्षेत्र की सहपाठी छात्रा मॉल में आए थे। बेसमेंट में बनी पार्किंग में पहुंचे थे। छात्रा और उसका साथी भगवान टॉकीज स्थित एक प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट में नीट की तैयारी कर रहे हैं। कार को खड़ी करने के बाद चारों लिफ्ट की तरफ आ गए। लिफ्ट के पिछले हिस्से में सीढ़ियां बनी हैं। दसवीं का छात्र अपने साथ कार में सुतली बम लेकर आया था। इसके बाद उन्होंने बम को जला दिया। तेज धमाके से मॉल में दहशत फैल गई। तीनों मंजिल पर मौजूद लोग धमाके की आवाज सुनकर भागने लगे। यह देखकर सुरक्षाकर्मी दौड़ पड़े। उन्होंने चारों किशोरों को भागते हुए देखा। वह कार लेकर निकास गेट की तरफ जा रहे थे। इस पर सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ वह कार के पीछे दौड़े और उन्हें रोक लिया। उनकी कार की तलाशी ली, जिसमें आतिशबाजी मिल गई। सूचना पर थाना न्यू आगरा से फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने छात्रों को लेकर थाने ले आई।