आगरा कैंट से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया जब कोच सी-13 में बैठे एक यात्री को परोसे गए ब्रेड कटलेट में मरी हुई मक्खी मिली। यात्री ने तत्काल रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्री राघव मित्तल का टिकट आगरा से प्रयागराज तक के लिए था। उन्हें ट्रेन में भोजन के रूप में ब्रेड कटलेट परोसा गया था। खाने को खोलने पर उसमें मरी हुई मक्खी पाई गई। यह भोजन आगरा स्थित बेस किचन से लोड किया जाता है और आईआरसीटीसी इसकी निगरानी करता है। घटना के बाद यात्री ने नाराजगी जताते हुए रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जब कोच में टीटी पहुंचा तो सीट संख्या 2,3, 6 पर महाराष्ट्र के कपिल पाटिल परिवार के साथ बैठे थे। उन्होंने अन्य यात्रियों से मामले में विरोध करने के लिए कहा। इसके बाद अन्य यात्रियों में भी असंतोष देखा गया। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आईआरसीटीसी को पत्र भेजकर जिम्मेदारों पर दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति के साथ पत्र लिखा जाएगा।