उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर के अंदर और बाहर बृहस्पतिवार को छात्र संगठनों ने घंटों विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) व समाजवादी छात्रसभा ने पहले तो गेट संख्या-2 के बाहर कुलपति का पुतला फूंकने का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिस के साथ खींचतान हुई। कुछ देर में कुलपति प्रो. आशु रानी गाड़ी में बैठकर वहां से गुजरीं। छात्र नेता उनकी गाड़ी के आगे लेट गए। एक छात्र नेता गाड़ी के बोनट पर चढ़ गया। पुलिस ने खींचकर उतारा। दोनों संगठनों के बैनर तले छात्र नेता 24 जनवरी को विश्वविद्यालय में हुई मारपीट के मामले की जांच के लिए गठित कमेटी में से चीफ प्रॉक्टर प्रो. मनु प्रताप सिंह को हटाने की मांग रहे हैं।