खाड़ी देशों में युद्ध से एलपीजी की किल्लत बढ़ गई है। ऐसे में लोग सर्वर पर बार-बार बुकिंग के लिए फोन कर रहे हैं। हालत ये है कि रोजाना शहर में 20 हजार घरेलू सिलिंडरों की खपत थी। अब बुकिंग के लिए डेढ़ लाख से अधिक कॉल आ रहे हैं। इससे सर्वर ठप है। बुकिंग नहीं होने से लोग एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि जिले में सामान्य दिनों में रोजाना 20 हजार सिलिंडर की खपत है। औसतन एक दिन में इतने ही कॉल बुकिंग के लिए आते हैं। खाड़ी देश में युद्ध के बाद तेजी से बुकिंग के लिए फोन करने लगे। अब औसतन रोजाना 1.50 लाख से अधिक फोन आ रहे हैं। इससे सर्वर पर अधिक दबाव पड़ने से दिक्कत आ रही है। लोग बुकिंग के लिए बार-बार फोन कर रहे हैं। सर्वर ठप होने से बुकिंग नहीं हो पाने से लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में लोग गैस एजेंसी के कार्यालय पर रोजाना चक्कर काट रहे हैं। इससे भीड़ जमा हो रही है। धक्कामुक्की भी हो रही है। ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के आगरा संभाग के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही सिलिंडर मिलेगा। ऐसे में कार्यालय जाने से समस्या का समाधान नहीं होगा।