पारा कम होने से हड्डी, मांसपेशियों में दर्द और गठिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। एसएन मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग और फिजियोथेरेपी विभाग में बीते एक सप्ताह से डेढ़ गुना से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें एड़ी, पंजे, जोड़ और कंधों में दर्द के सबसे ज्यादा मरीज हैं। स्पोर्ट्स इंजरी के मरीज पुरानी चोट के दर्द से परेशान हैं। हड्डी रोग विभाग के डॉ. विवेक मित्तल ने बताया कि हड्डी रोग के मरीजों के लिए चार महीने ज्यादा परेशान रहेंगे। इसमें पारा कम होने के कारण रक्तसंचार कम होने से मांसपेशियों में जकड़न और सूजन हो रही है। ओपीडी में रोजाना औसतन 350 मरीज आ रहे हैं। इसमें 35 फीसदी नए और बाकी के फॉलोअप के मरीज हैं। पुराने मरीज गठिया दर्द के हैं। 50 की उम्र से अधिक के मरीजों को चलने-फिरने में दिक्कत हो रही है। देर तक बैठकर कार्य करने वाले युवा एड़ी, पंजे और कंधों में दर्द की परेशानी भी बता रहे हैं। इनमें अधिकांश खिलाड़ी और युवा हैं।