आगरा। ताजमहल के हाई सिक्योरिटी जोन (यलो जोन) के निकट रविवार दोपहर आंध्र प्रदेश की महिला पर्यटक के साथ चेन लूट की घटना हुई। पूर्वी गेट से निकलकर जा रही पर्यटक की पीछे से आए बिना नंबर की अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। सूचना पर पर्यटन थाना पुलिस पहुंच गई। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।