आगरा के बल्केश्वर क्षेत्र में सोमवार को आयोजित होने वाले 'विराट हिंदू सम्मेलन' की पूर्व संध्या पर रविवार को क्षेत्र में भगवा लहर दिखाई दी। बाबा बल्केश्वर नाथ हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में गंगे गौरी पार्क से एक विशाल दोपहिया वाहन रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय निवासियों ने हुंकार भरते हुए सर्वसमाज को एकजुट होने का निमंत्रण दिया। हाथों में सनातन की ध्वजा थामे और 'जय श्री राम' के जयघोष के साथ स्कूटर व मोटरसाइकिलों पर सवार युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रैली के दौरान 'हिंदू के सम्मान में, उतरो सब मैदान में' और 'जात-पात की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई' जैसे नारों के जरिए सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश दिया गया। पार्षद हरिओम बाबा ने कहा कि अब समाज में जात-पात का कोई स्थान नहीं है। संपूर्ण हिंदू समाज अब एक सूत्र में बंध रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिंदू अब डर कर नहीं रहेगा, बल्कि अपने सम्मान के लिए तत्पर रहेगा। अध्यक्ष व युवा समाजसेवी निखिल गोयल ने बताया कि सोमवार को दोपहर 1:00 बजे से बल्केश्वर स्थित गंगे गौरी पार्क में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन होगा। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में हिंदुओं से इस सम्मेलन में शिरकत करने की अपील की है।