आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में रामबाग चौकी से महज 100 मीटर दूरी पर फिरोजाबाद प्वाइंट स्थित टैक्सी पार्किंग स्थल पर ठेकेदार और उसके गुर्गों द्वारा एक ऑटो चालक की पिटाई बेहरमी से पिटाई की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे पार्किंग ठेकेदार के गुर्गे ऑटो चालकों से निर्धारित शुल्क से अधिक रुपये वसूल रहे थे। एक चालक द्वारा विरोध करने पर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद ठेकेदार और उसके 6-7 गुर्गों ने चालक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, ईंट-पत्थरों से भी हमला किया, जिससे चालक घायल हो गया। आरोपियों ने चालक को जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग ठेकेदार और उसके गुर्गों द्वारा आए दिन इस तरह की घटनाएं की जाती हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।