आगरा में सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल की जयंती के उपलक्ष में शहर में श्रद्धा और उल्लास का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को सिंधी समाज की ओर से एक वाहन आमंत्रण यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में दोपहिया वाहनों के साथ समाज के लोग शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी, रोचीराम नागरानी, हेमंत भोजवानी ने कमला नगर स्थित सिंधु भवन से विधि-विधान के साथ किया गया। यहां से शुरू होकर यात्रा बल्केश्वर, कृष्णा कॉलोनी, जीवनी मंडी, बेलनगंज, काला महल और रावत पाड़ाजैसे प्रमुख क्षेत्रों से गुजरी। इसके बाद दरेसी और फव्वारा होते हुए यात्रा शाहगंज स्थित सोमनाथ धाम पहुचकर संपन्न हुई। यात्रा का जगह-जगह क्षेत्रीय निवासियों और व्यापारिक संगठनों ने स्टॉल लगाकर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर वाहन रैली का अभिनंदन किया गया। युवाओं और महिलाओं ने 'जय झूलेलाल' और 'आयो लाल झूलेलाल' के जयकारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान मेघराज दियालानी, श्याम भोजवानी, नरेंद्र कुमार जेठा भाई आदि मौजूद रहे।