आगरा में यूरिया की कालाबाजारी करने वालों की कृषि विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने एक महीने में 40 से अधिक यूरिया बैग खरीदने वाले किसानों का सत्यापन शुरू किया है। जिले में अभी तक ऐसे आठ किसानों को चिह्नित किया गया है। कर्मचारी उनके घर जाकर पता कर रहे है कि इतनी मात्रा में खाद क्यों खरीदी। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जनपद में खाद की पर्याप्त मात्रा होने के बाद भी कई क्षेत्रों से कालाबाजारी की शिकायतें आई थीं। कई दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अब कालाबाजारी की जांच शुरू की गई है। ऐसे किसानों को चिह्नित किया जा रहा है, जिन्होंने दिसंबर में 40 बैग से अधिक यूरिया की खरीदारी की है। कर्मचारी पता कर रहे हैं कि उन किसानों ने कौन सी खेती की है। साथ ही किस विक्रेता से खाद खरीदी। अगर दुकानदार द्वारा किसान के आधार कार्ड पर किसी और को खाद बेचने की जानकारी मिली तो दुकानदार पर कार्रवाई की जाएगी। अब तक विभाग ने कृषि विभाग ने 40 से अधिक बैग खरीदने वाले भदरौली, बरहन, आंवलखेड़ा, पैंतीखेड़ा, बरौली अहीर और फतेहाबाद के आठ किसानों को चिह्नित किया है।