मुरादाबाद में आयोजित प्रथम उत्तर प्रदेश राज्य सबजूनियर (अंडर-15 व अंडर-17) रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता में आगरा के शटलरों ने शानदार प्रदर्शन किया। लगभग हर वर्ग में पदक जीतकर ताजनगरी का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में अंकुर प्रताप सिंह सबसे सफल खिलाड़ी रहे। उन्होंने अंडर-15 बालक एकल और अंडर-17 मिश्रित युगल में संघमित्रा गौतम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर दोहरा खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालक युगल में शुभम सोलंकी और सार्थक सोम की जोड़ी विजेता बनी। वहीं अंडर-17 बालिका एकल में कुहू ने उपविजेता रहकर आगरा का मान बढ़ाया। अंडर-17 बालिका युगल में पलक यादव और याना गुप्ता की जोड़ी विजेता बनी, जबकि संघमित्रा गौतम और प्रियंका गौतम की जोड़ी उपविजेता रही। तीसरे स्थान के मुकाबलों में भी आगरा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। अंडर-15 बालक युगल में निशांत वर्मा और रॉबिन सिंह, अंडर-15 बालक एकल में रॉबिन सिंह, अंडर-17 मिश्रित युगल में पंकज चाहर और पलक यादव और अंडर-15 मिश्रित युगल में निशांत वर्मा और रिद्धिमा यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि पर आगरा जिला बैडमिंटन संघ के सचिव राहुल पालीवाल, अध्यक्ष बीना लवानिया, अध्यक्ष विनोद सीतलानी, संयुक्त सचिव नंदी रावत, नीरज गौतम, दिनकर खनूजा, सुमित कपूर, मयंक कपूर, संजय कालरा, यश मेहता, पावन मंगल, मनीष गुडवानी, अविनाशी चौधरी, प्रवीण अग्रवाल, निश्चल जैन, देशराज चाहर आदि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।