उत्तर प्रदेश के आगरा में निबोहरा थाना क्षेत्र स्थित उटंगन नदी के तटवर्ती एक दर्जन से अधिक गांव बाढ़ के खतरे से आंशकित हैं। बारिश के बाद से खेत लबालब पानी से भरे हैं। इससे बाजरे फसल सहित विभिन्न फसलें प्रभावित हुई हैं। क्षेत्र के निबोहरा, शाहवेद, नंदापुरा भोगपुरा, नागर, दोनावली ठार, खलका मढैया गांव सहित दर्जनों गांव बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं। प्रशासन की ओर से गांव में लगातार मुनादी की जा रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि पानी बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे। पशुओं और सामान को भी लेकर जाएं। ग्रामीणों ने बताया कि 30 वर्ष बाद उटंगन नदी में इतना पानी आया है। इसके चलते हजारों बीघा फसल डूब गई है। घरों तक पानी पहुंच गया है। ग्रामीण घरों से सामान निकालकर ऊंचे स्थानों पर पहुंच रहे हैं।