आगरा में स्वास्थ्य विभाग डिप्थीरिया (गलघाेंटू) की रोकथाम के लिए 20 अप्रैल से विशेष अभियान शुरू कर रहा है। ये 10 दिन चलेगा और स्कूलों में टीकाकरण होगा। इस दाैरान 90 हजार बच्चों को टीका लगाया जाएगा। सीएमओ ने लोगों से बच्चों को डिप्थीरिया का टीका लगवाने की अपील की है। इससे बीमारी से बचाव होगा। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 3,633 सरकारी-निजी स्कूलों में टीकाकरण अभियान चलेगा। 5-6 साल के बच्चों को डीपीटी-02 , 10-11 साल के बच्चों को टीडी-10 और 16 साल के किशोरों को टीडी-16 टीका लगाया जाएगा। इसके लिए चिकित्सकीय टीमें बना दी गई हैं। भी बना दी हैं। बीएसए और डीआईओएस को भी पत्र लिख चुके हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि डिप्थीरिया संक्रामक बीमारी है। ये बैक्टीरिया से होती है। इसमें नाक-गले में संक्रमण का खतरा रहता है। टीकाकरण से बीमारी से बचाव होता है। बुखार, जुकाम, सिर में दर्द, नाक बहा, गले की ग्रंथियों में सूजन, कमजोरी और पेट खराब होने के लक्षण हैं, तो तत्काल चिकित्सक को दिखाकर इलाज कराएं।