बिचपुरी। राजा बलवंत सिंह पॉलिटेक्निक में शनिवार को पंचम दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2025 में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को डिग्री और डिप्लोमा प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया तथा आरबीएस पॉलिटेक्निक प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं बलवंत एजुकेशनल सोसायटी के सचिव युवराज अंबरीश पाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। दीक्षांत समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करने और अपने पेशेवर जीवन में ईमानदारी बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के भविष्य का आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान से प्राप्त ज्ञान और संस्कारों का उपयोग देश की प्रगति में करना चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवराज अंबरीश पाल सिंह ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया। वहीं, प्रधानाचार्य डॉ. मनोज सिंह चौहान ने संस्थान की शैक्षिक गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर इंजी. अनिल कुमार सिंह, प्रवीन कुमार विद्यार्थी, पुलकित गुप्ता सहित शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।