उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा संघ पांडेय गुट का 56वां प्रांतीय अधिवेशन गुरुवार को चित्रगुप्त माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रांतीय सम्मेलन में प्रदेशभर से आए शिक्षकों ने वेतन विसंगतियों, पेंशन व्यवस्था में सुधार और शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने जैसे अहम मुद्दों पर अपने विचार रखे। अधिवेशन में शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि 'पहले पढ़ाई, उसके बाद हक की लड़ाई' यही उनका संकल्प है। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि उनका पहला दायित्व छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है, लेकिन इसके साथ ही अपने वैध अधिकारों और सम्मानजनक सेवा शर्तों के लिए संघर्ष भी जरूरी है। सम्मेलन में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, शिक्षक हितों की रक्षा और भविष्य की रणनीति पर भी विस्तार से मंथन किया गया।