सिरमौर जिले के धौलाकुआं में स्टील फैक्टरी से इलाके में बढ़ रहे प्रदूषण के विरोध में बैठे ग्रामीणों का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार को एसडीएम पांवटा साहिब जीएस चीमा हड़तालरत लोगों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की और प्रदूषण से हो रही दिक्कतों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को इस समस्या का जल्द हल करने को लेकर आश्वास्त किया। उधर, आमरण अनशन और उनके समर्थन में हड़ताल पर बैठे लोगों ने कहा कि जब तक स्टील फैक्टरी में काली तार, टायर व गद्दे आदि जलाने पर रोक नहीं लगाई जाएगी, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।