राजधानी के लोअर बाजार में सड़क पर सजे सामान जब्त करने को लेकर रविवार को खूब हंगामा हुआ। नगर निगम की टीम दोपहर करीब 12:30 बजे बाजार के औचक निरीक्षण पर पहुंची थी। इसी दौरान कई तहबाजारियों ने सड़क पर सामान सजा रखा था। नगर निगम की संपदा शाखा निरीक्षक रमेश ठाकुर की अगुवाई वाली टीम ने जैसे जी नत्थू हलवाई के पास सड़क पर बैठे एक तहबाजारी का सामान हटाया कि इसने हंगामा कर दिया। तहबाजारी ने निगम टीम के साथ गाली गलौज भी कर दिया। काफी देर तक यहां हंगामा चलता रहा। आसपास के कारोबारी भी मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में पता चला कि इस तहबाजारी के भाई की लोअर बाजार में ही अपनी दुकान है। यह दुकान के अलावा सड़क पर भी सामान बेच रहा था। निगम टीम ने इसे गाड़ी में बिठा दिया और सदर थाना ले जाने लगे। हालांकि, तहबाजारी ने जब माफी मांगी तो इसे छोड़ दिया गया। इसका सामान निगम टीम ने जब्त कर लिया है। निगम टीम ने लोअर बाजार से कुल तीन, लिफ्ट से एक और विकासनगर से एक तहबाजारी का सामान जब्त किया है। नगर निगम के अनुसार सभी पांचों तहबाजारियों को अब जुर्माना भरने के बाद सामान लौटाया जाएगा।