राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश की 'प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा' शुक्रवार को अपने 14वें दिन घनाहट्टी से शिमला के लिए रवाना हुई। घनाहट्टी पहुंचने पर स्थानीय लोगों, शिक्षकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। संघ के अनुसार इस न्याय यात्रा को प्रदेशभर के प्राथमिक शिक्षकों, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, एसएमसी सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों का लगातार समर्थन मिल रहा है। इस दौरान ग्राम पंचायत घनाहट्टी के प्रधान रोशन लाल ठाकुर ने भी यात्रा का स्वागत करते हुए सरकार से एचपीपीटीएफ न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली को वापस लेने की मांग की। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने यात्रा को मिले सहयोग और समर्थन के लिए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रदेश के शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से 26 जुलाई को शिमला के ऐतिहासिक चौड़ा मैदान में आयोजित होने वाले विशाल धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह न्याय यात्रा 11 जुलाई को कांगड़ा जिले के बनखंडी स्थित मां बगलामुखी मंदिर से शुरू हुई थी। यात्रा 25 जुलाई को पैदल शिमला पहुंचेगी, जबकि 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित कर प्राथमिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।