राजधानी की लोरेट पब्लिक स्कूल बराड़ी में गुरुवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के 10वीं, 11वीं और 12वीं के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राएं समेत शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवा आईपीएस अधिकारी व एएसपी शिमला मेहर पंवार ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्कूली छात्रों को नशे के दुष्परिणामों व बढ़ते साइबर क्राइम पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और अनावश्यक सोशल मीडिया के इस्तेमाल न करने को जागरूक किय। इस दौरान कार्यक्रम में कई विद्यार्थियों ने नशाखोरी और साइबर क्राइम को लेकर आईपीएस अधिकारी से सवाल पूछे, जिनके उन्होंने विस्तृत जवाब दिए।