हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजाैली हेलीपोर्ट को केंद्र से जरूरी मंजूरी के बाद आधिकारिक तौर पर उड़ानों के लिए खोल दिया गया है। इसी के साथ दो कंपनियों ने यहां से हेली टैक्सी सेवाएं शुरू कर दी हैं। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रिकांगपिओ के लिए पहली उड़ान को हरीझंडी दिखाकर रवाना किया। इस दाैरान हेली टैक्सी को वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया। इस दाैरान पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि यात्री हेली टैक्सी शुरू होने से शिमला से चंडीगढ़ 20 मिनट में पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरे प्रदेश में हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। कहा कि कांगड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट विस्तारीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। भूमि अधिग्रहण के लिए साढ़े तीन हजार करोड़ की जरूरत है जिसका प्रावधान किया जा रहा है। सरकार ने आर्थिक स्थिति को मजबूत करने व आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने के कदम उठाए हैं। जल्द ही पर्यटन के लिए ज्यादा बजट का प्रावधान करेंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होती जा रही है। इसका फायदा आने वाले समय में पर्यटन उद्योग को होगा। सीएम ने कहा कि हमीरपुर, पालमपुर, चंबा, रक्कड़ में भी हेलीपोर्ट का निर्माण अप्रैल में पूरा कर लिया जाएगा।