फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirohi News: माउंटआबू में शरद महोत्सव के दूसरे दिन प्रतियोगिताओं की धूम, नए साल का होगा अनोखे अंदाज में स्वागत

Tue, 30 Dec 2025 08:51 PM IST
सिरोही ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही

सिरोही जिला प्रशासन, नगरपालिका माउंटआबू और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शरद महोत्सव 2025 के दूसरे दिन मंगलवार को माउंटआबू में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में शहरवासियों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया।
 
पोलो ग्राउंड में हुईं कई प्रतियोगिताएं
शरद महोत्सव के दूसरे दिन माउंटआबू के पोलो ग्राउंड में महिला और पुरुष वर्ग की रस्साकसी प्रतियोगिता, महिला मटका फोड़ प्रतियोगिता, महिला मटका दौड़ प्रतियोगिता, बोट रेस और छोटे बच्चों के लिए भी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और दर्शकों ने भी कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाया।
 
विजेताओं और उपविजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिताओं के समापन पर प्रशासन की ओर से विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखने लायक रहा। महोत्सव के दौरान सोमवार को भी दिनभर माउंटआबू में पर्यटकों की आवाजाही का सिलसिला जारी रहा। शरद महोत्सव के आयोजनों ने पर्यटन गतिविधियों को और अधिक जीवंत बना दिया।
 
नए साल के स्वागत की विशेष तैयारी
नगरपालिका आयुक्त आशुतोष आचार्य ने बताया कि पहाड़ी शहर में नए साल का जश्न मनाने की इच्छा हर व्यक्ति में होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन सिरोही, उपखंड प्रशासन, नगरपालिका माउंटआबू और राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से 31 दिसंबर 2025 को मेगा कल्चर नाइट का आयोजन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Sirohi News: प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध को माली समाज का भी मिला समर्थन, 28 जनवरी से महाआंदोलन का एलान
 
लेजर शो से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
मेगा कल्चर नाइट की विधिवत शुरुआत लेजर शो से होगी। इस लेजर शो में माउंटआबू को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के संदेश, स्वच्छ भारत अभियान की झलकियों और माउंटआबू की विरासत से जुड़े स्थलों का प्रदर्शन किया जाएगा।
 
शरद महोत्सव के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए तीन दिनों तक कठपुतली शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अरावली की पहाड़ियों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखने का संदेश दिया जाएगा। वहीं स्वराज बैंड की मधुर स्वर लहरियों के साथ इंडियन आइडल कलाकार स्नेहा शंकर की प्रस्तुतियां माउंटआबू को संगीतमय माहौल से भर देंगी।
 
इस आयोजन के माध्यम से माउंटआबू आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा और नए साल का स्वागत यादगार बनेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें