राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अक्तूबर से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 25 से 28 अक्तूबर के बीच बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के अधिकांश शहरों में मौसम शुष्क रहा। जयपुर, सीकर और अलवर के आसपास कुछ स्थानों पर आंशिक बादल और हल्की धुंध देखी गई। यही स्थिति बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में भी रही। 21 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश के बाद बुधवार को आसमान साफ रहा, जिसके चलते रात के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 15.9°C और सीकर में 16°C दर्ज किया गया, जबकि पिलानी में तापमान गिरकर 16.7°C तक पहुंच गया।