फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPSC 2025: 10 घंटे की पढ़ाई, अटूट हौसला और बन गए देश के टॉपर, अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में हासिल की पहली रैंक

Sat, 07 Mar 2026 09:08 AM IST
कोटा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार भी राजस्थान ने पूरे देश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा क्षेत्र के रहने वाले डॉक्टर अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देश में टॉप किया है।

पहले भी दो बार क्लियर कर चुके हैं यूपीएससी
डॉ. अनुज अग्निहोत्री इससे पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं। वर्तमान में वह दिल्ली में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में होली का त्योहार मनाने के लिए वह अपने परिवार के साथ रावतभाटा आए हुए हैं।

रिजल्ट के बाद घर में जश्न, लोग ले रहे सेल्फी
जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, अनुज के परिवार और पूरे इलाके में खुशी का माहौल बन गया। आसपास के लोग उन्हें सेलिब्रिटी की तरह देख रहे हैं और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए घर पहुंच रहे हैं।

रोजाना 10 घंटे की पढ़ाई से मिली सफलता
डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने बताया कि उनके मन में एक उम्मीद थी और परिवार का पूरा साथ था कि एक बार और यूपीएससी की परीक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर इस बार सफलता नहीं मिलती तो वह दोबारा तैयारी करते। उन्होंने रोजाना करीब 10 घंटे पढ़ाई की, जिसका परिणाम आज सामने है। अनुज ने कहा कि वह अभी एसडीएम के पद पर काम कर रहे हैं, लेकिन अपनी मेहनत और परिवार के समर्थन के कारण आज उन्होंने यूपीएससी में टॉप किया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने से वह कभी पीछे नहीं हटे।

पिता बोले- बेटे की मेहनत और जुनून ने दिलाई सफलता
अनुज के पिता के.बी. अग्निहोत्री ने बताया कि वह एक टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सपना भी नहीं देखा था कि उनका बेटा इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करेगा। हालांकि अनुज के मन में हमेशा पढ़ाई को लेकर एक जुनून और उम्मीद रहती थी और परिवार ने भी उसका पूरा साथ दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरी सफलता अनुज की मेहनत का परिणाम है।

एम्स जोधपुर से एमबीबीएस, मेडिकल में भी शानदार रैंक
डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने साल 2023 में एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। इससे पहले साल 2017 में एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उन्होंने 215वीं रैंक हासिल की थी। पढ़ाई के साथ-साथ अनुज को खेलों में भी रुचि है। उन्हें टेबल टेनिस खेलना काफी पसंद है, जिसे वह अपने खाली समय में खेलना पसंद करते हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें