फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Update: राजस्थान में फिलहाल ठंड से राहत, आगे ऐसा रहेगा मौसम!

Video Updated Sun, 21 Dec 2025 03:23 PM IST

राजस्थान में शनिवार को भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर देखने को मिला। जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर के पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे। इस मौसमी सिस्टम के कारण उत्तरी हवाएं कमजोर पड़ गईं, जिससे सुबह और शाम की ठंड का प्रभाव कम महसूस किया गया और लोगों को शीतलहर से हल्की राहत मिली।

उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादलों की हल्की आवाजाही बनी रही। दिन और रात के तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया गया। इसके अलावा नागौर, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, जैसलमेर, जालौर और पाली में भी दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप खिली रही। हालांकि श्रीगंगानगर में शनिवार सुबह हल्की धुंध देखी गई। प्रदेश में फतेहपुर और डूंगरपुर सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 22 दिसंबर तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का आंशिक प्रभाव बना रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर से सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। साथ ही उत्तरी राजस्थान के कुछ जिलों में घने कोहरे की भी आशंका जताई गई है।

उत्तर भारत में मौसम का यह बदलाव अचानक नहीं है, बल्कि इसके पीछे वायुमंडलीय स्तर पर सक्रिय मजबूत प्रणालियां जिम्मेदार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार, इस समय दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनका असर आने वाले दिनों में जनजीवन, यातायात और स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। पंजाब में ठंड का असर बढ़ गया है और दिन का तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री नीचे चला गया है। वहीं बिहार, झारखंड, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कोहरे का व्यापक असर रहने की चेतावनी जारी की गई है।

आईएमडी के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में 24 और 25 दिसंबर तक कोहरा बना रह सकता है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें