दौसा में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि दौसा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जगमोहन मीणा के समर्थन में हर वर्ग में एक लहर चल रही है, जिससे लगता है कि इस बार भाजपा पहले से भी अधिक मतों से जीत दर्ज करेगी।
दौसा में राजेंद्र सिंह राठौड़ राजपूत समाज के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा राजस्थान की सभी सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में जीत हासिल करेगी और दौसा में भाजपा की जीत नए रिकॉर्ड बनाएगी।
भजनलाल सरकार के 11 महीने के कार्यकाल का जिक्र करते हुए राठौड़ ने कहा कि पिछले 11 महीनों में जो घोषणाएं की गई हैं, उन्हें धरातल पर लाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सामान्य सीट पर जगमोहन मीणा को टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जाति और बिरादरी के आधार पर नहीं बल्कि योग्य उम्मीदवार के आधार पर निर्णय करती है। भाजपा को जगमोहन मीणा से अधिक योग्य उम्मीदवार नहीं मिला, इसलिए उन्हें सामान्य सीट से चुनाव लड़वाया जा रहा है।
परिवारवाद के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि अगर किसी परिवार में दो लोग योग्य हैं, तो एक की योग्यता को अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता। इसलिए दौसा का टिकट परिवारवाद से परे है। हालांकि, यह भी सच है कि जब से भाजपा के बड़े नेता किरोड़ी लाल मीणा को दौसा विधानसभा उपचुनाव का टिकट मिला है, तब से भाजपा नेता परिवारवाद की अलग-अलग परिभाषाएं प्रस्तुत कर रहे हैं।