फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alwar: अलवर साइबर सेल के पुलिसकर्मियों पर मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

Wed, 02 Apr 2025 01:09 PM IST
अलवर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

अलवर साइबर सेल के पुलिसकर्मियों पर एक लॉ स्टूडेंट के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और उसका मोबाइल छीनने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

पीड़िता के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बना लिए थे। इन अकाउंट्स को डिलीट करवाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए वह साइबर सेल पहुंची थी, लेकिन वहां उसकी समस्या का समाधान करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की।

पीड़िता का आरोप है कि साइबर सेल में मौजूद पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ भी की। यही नहीं, उसका मोबाइल छीन लिया गया और उसे धमकाने की भी कोशिश की गई।

पढ़ें: कांस्टेबल पर हिरासत में डेढ़ लाख रुपए ऐंठने का आरोप, एसपी से की गई शिकायत; जानें    

पीड़िता ने बताया कि जब स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो वह न्याय की तलाश में अतिरिक्त जिला कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची। लेकिन वहां भी उसे एक घंटे तक बैठाए रखा गया और उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया।

इस घटना के बाद पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से न्याय की मांग की है। उसने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वह न्याय के लिए आगे की लड़ाई लड़ेगी। यह मामला न केवल पुलिस की कार्यशैली बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें