पठानकोट के डलहौजी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे रेलवे लाइन के पास संदिग्ध हालात में एक प्रवासी युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की लाश एक कुर्सी पर रखी हुई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिवार सदस्यों को शिनाख्त के लिए मौके पर बुलाया। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार के तौर पर हुई है जो मूल रूप से उड़ीसा का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई है।