पंजाब के कपूरथला में दिनदहाड़े बस स्टैंड रोड पर स्थित मल्होत्रा इंफोकॉम (एमआईसी) मोबाइल शोरूम पर सुबह दस बजे अज्ञात बदमाशों ने रंगदारी के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे शोरूम के शीशे चकनाचूर हो गए और स्टाफ पूरी तरह से सहम गया। हालांकि इस फायरिंग में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है, लेकिन एक के बाद एक 20 से 25 राउंड फायर होने से दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग करने वाले बदमाश जहां सीसीटीवी में कैद हो गए, वहीं आरोपी हरियाणा के गैंगस्टर सौरव गंदोला के नाम वाली पर्ची थमाकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी-डी सरबजीत राय, डीएसपी सब-डिवीजन दीपकरण सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।