मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में उस समय दहशत फैल गई, जब दुकान के बाहर बैठे चार से पांच युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में चार युवक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य युवक को गोली के छर्रे लगने की जानकारी मिली है। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक युवक के सिर, दो युवकों के पेट और एक युवक की बाजू में गोली लगी है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।