प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का स्पष्ट संकेत दे दिया है। शनिवार को प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई, जिसमें लुधियाना की कमान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद सुनील मौदगिल को सौंपी गई। राजनीतिक जानकार इस फैसले को चुनावी रणनीति के तहत संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद के रूप में देख रहे हैं। इस घोषणा के साथ ही शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई। सुनील मौदगिल के जिला अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा होते ही उनके कार्यालय में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया गया, कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और फूल-मालाओं से नए जिला अध्यक्ष का स्वागत किया। लंबे समय से आरएसएस एवं पार्टी संगठन में सक्रिय रहे मौदगिल को मिली इस जिम्मेदारी को कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के भरोसे का प्रतीक बताया।