लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर सोमवार को एक प्राइवेट बस और कार के बीच हुई टक्कर में कार पलट गई। हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस को सूचित किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। एसएसएफ अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि जुझार कंपनी की बस लुधियाना से जगराओं की ओर आ रही थी। इसी दौरान एक कार भी हाईवे पर चल रही थी। जब दोनों वाहन मलाई मक्कन फैक्ट्री के नजदीक और सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल से कुछ दूरी पीछे पहुंचे, तो कार चालक ने अचानक बस के आगे आकर ब्रेक लगा दी। इससे बस कार से टकरा गई और कार सड़क किनारे फुटपाथ पर जाकर पलट गई। वही कार चालक ने बस ड्राइवर पर लापरवाई के आरोप लगाए है पुलिस ने कार चालक को वाहन से बाहर निकालकर पूछताछ शुरू कर दी है। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज आत्मा सिंह ने बताया कि बस चालक बलविंदर सिंह यात्रियों को लेकर लुधियाना से जगराओं आ रहा था, जबकि कार चालक जसवीर सिंह जगराओं की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार चालक ने शराब का सेवन किया हुआ था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।