जालंधर शहर में बढ़ती छीन-झपट की वारदातों के बीच न्यू बारादरी कमिश्नरेट पुलिस स्टेशन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो स्नैचर को गिरफ्तार किया है। डाकोहा की मस्जिद वाली गली में रहने वाली सरबजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शाम करीब 4 बजे वह ज्योति चौक से ई-रिक्शा में घर लौट रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका बायां कान का सोने का झुमका झपट लिया और मौके से फरार हो गए। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी तथा मानवीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों रणजीत सिंह (निवासी कहलावा गांव, कपूरथला) और सुमित कुमार उर्फ सलमान (निवासी मोहल्ला संतपुरा, कपूरथला) को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पर पहले भी लूटपाट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और चोरी किया गया सोने का झूमका भी बरामद कर लिया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि शहर में स्नैचिंग पर रोक लगाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।