साईं दास स्कूल ग्राउंड, पटेल चौक में पंजाब सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय धार्मिक समागम "एक शाम भगवान शिव के नाम" में रविवार को आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव के जयकारों, डमरू की गूंज और शिव तांडव स्तोत्र के ओजस्वी पाठ से पूरा जालंधर शिवमय हो उठा। जैसे ही प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने मंच संभाला, हजारों श्रद्धालुओं की तालियों और "हर-हर महादेव" के उद्घोष से पूरा पंडाल गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद रघुवंशी ने अपने विशेष अंदाज में "जटाटवीगलज्जलप्रवाह पावितस्थले..." शिव तांडव स्तोत्र का पाठ कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उन्होंने अपने लोकप्रिय भजन "शंभू शरने पड़ी, मांगू घड़ी रे घड़ी...", "लागी ऐसी लगन भोले तुमको नमन..." सहित कई शिव भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। डमरू की थाप और भजनों की गूंज पर युवा, बुजुर्ग और महिलाएं शिवभक्ति में झूमते नजर आए। पूरा वातावरण मानो कैलाश धाम का अहसास करा रहा था।