पंजाब में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ की शुरुआत हो गई है। 14 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान ने जालंधर में योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि जिस दिन से स्कीम लागू मानी जाएगी, उसी दिन से महिलाओं को सम्मान राशि का लाभ मिलेगा। पहले चरण में 9 विधानसभा हलकों आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, दिड़बा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला देहाती में पायलट प्रोजेक्ट शुरू होगा। 15 मई से राज्य के बाकी 108 हलकों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजना के तहत जुलाई से जनरल वर्ग की महिलाओं को 1000 प्रतिमाह और एससी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। सरकार ने इस योजना के लिए 9300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि रजिस्ट्रेशन में देरी या दस्तावेजों की कमी से महिलाओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं के आधार से फिंगरप्रिंट मैच नहीं हो रहे, उनके खाते फोटो के आधार पर खोले जाएंगे।