अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में तैयार किए गए जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। इससे पहले जालंधर और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। धमकी के मद्देनज़र जीआरपी, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। इसी बीच डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों और उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लिया। हालांकि, अधिकारियों ने धमकी भरे ई-मेल पर कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि उनका दौरा उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए है। जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि 17 जुलाई को जालंधर और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, स्थानीय स्कूलों, मोहाली मेयर कार्यालय सहित कई स्थानों पर आईईडी विस्फोट किए जाएंगे। ई-मेल में रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की सत्यता और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।