जालंधर के बस्ती दानिशमंदा के रसीला नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में कूलर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग देखते ही इलाके में दहशत फैल गई और पहले सिलेंडर फटने की खबर भी सामने आई, लेकिन बाद में यह सूचना महज अफवाह साबित हुई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे घर में रहने वाले तीन परिवारों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने हिम्मत और सक्रियता दिखाते हुए बाल्टियों से लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोका और काफी हद तक काबू पा लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने स्थिति का जायजा लेकर पूरी तरह आग बुझाई और किसी बड़े नुकसान को होने से रोक दिया। स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।