उत्तर प्रदेश से कांग्रेस सांसद एवं एससी विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया ने जालंधर के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 30-40 वर्षों से धर्म की राजनीति कर रही है। उनके अनुसार मंदिर निर्माण के नाम पर चंदा इकट्ठा किया जाता है, लेकिन उस धन का पूरा हिसाब जनता के सामने नहीं आता। उन्होंने दावा किया कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा करीब 1400 करोड़ रुपये एकत्र किए गए थे, लेकिन उस राशि का स्पष्ट विवरण सामने नहीं आया। तनुज पुनिया ने अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि चंपत राय और अनिल मिश्रा जैसे ट्रस्ट से जुड़े लोगों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दोनों ने इस्तीफा दिया, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि इतना बड़ा कथित घोटाला बिना किसी संरक्षण के संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि चूंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा सहित कई धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया था और ट्रस्ट का गठन भी केंद्र सरकार के कार्यकाल में हुआ, इसलिए जहां तक जांच के तार पहुंचते हैं, वहां तक निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।