नगर पंचायत ममदोट के प्रधान और उपप्रधान का चुनाव सोमवार को एसडीएम फिरोजपुर अभिषेक शर्मा की मौजूदगी में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। नगर पंचायत के सभी 12 एमसी की मौजूदगी में राकेश कुमार विक्की मैणी को प्रधान और दलजीत सिंह को उपप्रधान चुना गया। चुनाव के दौरान सभी पार्षदों ने दोनों पदों के लिए सर्वसम्मति से सहमति जताई। नवनिर्वाचित प्रधान व उपप्रधान की ताजपोशी समाजसेवक एवं जिला परिषद सदस्य गुरप्रीत सिंह सेखों की ओर से करवाई गई। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने दोनों को फूलों के हार पहनाकर सम्मानित किया और बधाई दी। प्रधान राकेश कुमार विक्की मैणी ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी और बिना किसी भेदभाव के निभाएंगे। उन्होंने कहा कि ममदोट के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी तथा शहरवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेताओं, सरपंचों, पंचों, किसान नेताओं, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, समाजसेवकों और बड़ी संख्या में ममदोट निवासी मौजूद रहे।