कोटकपूरा में घरेलू विवाद में किसान नेता एवं पूर्व सैनिक बलविंदर सिंह को हिरासत में लेने के विरोध में किसान यूनियन फतेह पंजाब ने थाना सिटी के बाहर अनिश्चितकालीन धरना लगाकर सड़क जाम कर दी। देर रात शुरू हुआ धरना मंगलवार सुबह तक जारी रहा। जानकारी के अनुसार, पुराने शहर इलाके में बलविंदर सिंह का अपने रिश्तेदार के साथ विवाद हो गया था। शिकायत मिलने पर पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले आई। परिवार ने बताया कि घर में मृत्यु होने के कारण शोक का माहौल था और अगले दिन फूल चुगने की रस्म होनी थी। परिवार ने रस्म के बाद बलविंदर सिंह के स्वयं थाने पहुंचने की बात कही थी। इसके विरोध में प्रदेश अध्यक्ष अमनदीप सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में किसान नेता थाने पहुंचे। उन्होंने मांग की कि दूसरे पक्ष को भी बुलाकर मामले का समाधान किया जाए। संगठन के अनुसार, मांग स्वीकार नहीं होने पर धरना शुरू किया गया। इस दौरान ट्रक यूनियन अध्यक्ष गुरविंदर सिंह और किसान नेता अमनदीप सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सत्ताधारी पार्टी के एक नेता के दबाव में कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि मामले का समाधान होने तक धरना जारी रहेगा।