गत रात्रि गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप साहिब से चंडीगढ़ रोड पर स्थित गांव अत्तेवाली के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की कार का टायर फटने से कर छप्पड़ में गिर गई जिससे दोनों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान माधव कुमार और हरीश कुमार के रूप में हुई है, जो आदर्श नगर, सरहिंद के निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने दोस्त हर्षितकी बहन के घर पुत्र के जन्म की खुशी में आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। वे अपने दोस्त को उसके घर छोड़ने जा रहे थे। आदर्श नगर के चार दोस्त दो अलग-अलग होंडा सिटी कारों में सवार थे। बताया जा रहा है कि गांव अत्तेवाली के पास पहुंचते ही हरीश कुमार द्वारा चलाई जा रही कार का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इसके बाद कार पास में बने गहरे तालाब में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही थाना फतेहगढ़ साहिब के प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे क्रेन और स्थानीय लोगों की सहायता से कार को तालाब से बाहर निकाला गया। कार में सवार दोनों युवकों को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है और खुशी का माहौल मातम में बदल गया।